शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

तोड़ना  : स० [हिं० टूटना] १. किसी चीज पर बराबर आघात करते हुए उसे छोटे-छोटे खंडों में विभक्त करना। जैसे–पत्थर या गिट्टी तोड़ना। २. ऐसा काम करना जिससे कोई वस्तु खंडित, भग्न या नष्ट-भ्रष्ट हो जाय तथा काम में आने योग्य न रह जाय। जैसे–शीशे का गिलास तोड़ना। सं० क्रि०–डालना।–देना। ३. किसी वस्तु के कोई अंग अथवा उसमें लगी हुई कोई वस्तु काट-कर या और किसी प्रकार उससे अलग करना या निकाल लेना। जैसे–वृक्ष से फल या फूल तोड़ना, किताब की जिल्द तोड़ना, जानवर के दाँत तोड़ना। ४. किसी वस्तु का कोई अंग इस प्रकार खंडित या भग्न करना कि वह ठीक तरह से या पूरा काम करने योग्य न रह जाय। जैसे–(क) घड़ी या सिलाई की मशीन तोड़ना। (ख) किसी के हाथ-पैर तोड़ना। ५. नियम, निश्चय आदि का पालन न करके अपनी दृष्टि से उसे निरर्थक या व्यर्थ करना। जैसे–(क) अपनी प्रतिज्ञा (या किसी के साथ किया हुआ समझौता) तोड़ना। (ख) व्रत तोड़ना। ६. किसी चलते या होते हुए काम, व्यवस्था, संघटन आदि का स्थायी रूप से अन्त या नाश करना। जैसे–शासन का कोई पद या विभाग तोड़ना। ७. बल, प्रभाव, महत्त्व, विस्तार आदि घटाना या नष्ट करना। अशक्त, क्षीण या दुर्बल करना। जैसे–(क) बाजार की मन्दी ने बहुत व्यापारियों को तोड़ दिया। (ख) दमे (या यक्ष्मा) ने उनका शरीर तोड़ दिया। ८. किसी प्रकार नष्ट या विच्छिन्न करके समाप्त कर देना। चलता या बना न रहने देना। जैसे–(क) किसी का घमंड तोड़ना। (ख) किसी से नाता (या संबंध) तोड़ना। किसी की दृढ़ता, बल आदि घटाकर या नष्ट करके उसे उसके पूर्व रूप में स्थित या स्थिर न रहने देना। जैसे–(क) मुकदमें में विपक्षी के गवाह तोड़ना। (ख) कमर या हिम्मत तोडना। १॰. खरीदने के समय किसी चीज का दाम घटाकर कुछ कम करना। जैसे–तुमने तो तोड़कर दस रुपये कम कर ही लिये। ११. खेत में हल चलाकर उसकी सतह की मिट्टी खंडित करके ढेलों के रूप में लाना। १२. किसी कुमारी के साथ पहले-पहल समागम करना। (बाजारू) १३.चोरी करने के लिए सेंध लगाना। जैसे–चोर ताला तोड़ कर सब माल उठा ले गये। १४. बड़े सिक्कों को छोटे-छोटे सिक्कों में बदलवा देना। विशेष–यह क्रिया अनेक संज्ञाओं के साथ लगकर उन्हें मुहावरों का रूप देती है, और ऐसे अवसरों पर उनके भिन्न-भिन्न प्रकार के अर्थ होते हैं जैसे–किसी के पैर या मुँह तोड़ना, किसी से तिनका तोड़ना, किसी को रोटी (रोटियाँ) तोड़ना आदि। ऐसे अवसरों के लिए सम्बद्ध शब्द या संज्ञाएँ देखनी चाहिएँ।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ